बांसवाड़ा में कोरोना से अजमेर डिस्कॉम के इंजीनियर की मौत, जिले में अबतक 6 लोगों की मृत्यु
बांसवाड़ा. जिले में अजमेर डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता बागीदौरा उगेंद्र रॉय की कोरोना से मौत हो गई। इसकी पुष्टि के बाद रविवार सुबह प्रोटोकॉल के अनुरूप उनका यहीं कागदी मोक्षधाम पर अंतिम संस्कार कराया गया। बागीदौरा सीएमएचओ डॉ. प्रवीण लबाना और एमजी अस्पताल के पीएमओ डॉ. अनिल भाटी के अनुसार मूलत: बिहार के 56 वर्षीय रॉय गत 2 अगस्त को घर गए थे। 12 अगस्त को वापसी के बाद उन्हें सर्दी-खांसी और बुखार की शिकायत हुई तो सीएचसी बागीदौरा पहुंचे। यहां जांच के बाद कोरोना के संदेह पर उन्हें बांसवाड़ा रैफर किया गया। एमजी अस्पताल लाकर भर्ती कराने पर उन्हें सांस लेने में दिक्कत पर शुक्रवार शाम को डॉक्टरों ने उदयपुर रैफर करने की बात कही, तो यहां अकेले ही होने से उन्होंने जाने से इनकार किया।
बांसवाड़ा : मछली मारते समय युवक तालाब में डूबा, काफी मशक्कत के बाद मिला शव
इसके बाद शनिवार सुबह राउंड के दौरान चिकित्सकों ने ऑक्सीजन सेचुरेशन काफी घटने पर उदयपुर रवानगी के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था की ही थी, कि रॉय ने दम तोड़ दिया। उनका कोरोना टेस्ट का नमूना जांच के अधीन होने से शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इसके बाद देरशाम को उनके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। रॉय यहां बागीदौरा में शक्तिनगर स्थित सरकारी आवास में रहते थे। उनके साथ पत्नी ही है, जबकि परिवार के अन्य लोग अजमेर में निवासरत हैं। इसके मद्देनजर दूसरे दिन सुबह प्रोटोकॉल अनुसार अंतिम संस्कार बांसवाड़ा में ही कागदी मोक्षधाम पर कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस नए आंकड़े सहित जिले में अब तक कोरोना से छह जनों की मौतें हो चुकी हैं।
source https://www.patrika.com/banswara-news/covid-19-deaths-engineer-died-from-coronavirus-in-banswara-6344281/
Comments
Post a Comment