बांसवाड़ा : शहर के बुजुर्ग व्यापारी से सरेराह लूट, नकदी-जेवर ले गए बाइक सवार
बांसवाड़ा. जिले के सदर इलाके में नकाबपोश बाइक सवारों ने एक बुजुर्ग कारोबारी से हजारों की नकदी और जेवर से भरा बैग लूट लिया। कोतवाली से सटे क्षेत्र में हुई वारदात की इत्तला पर हाउसिंग बोर्ड चौकी के पुलिस दल ने बदमाशों की धरपकड़ के काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार घटना खांदू कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय सोहनलाल पुत्र रायचंद जैन के साथ के साथ हुई। जैन ने बताया कि उनकी नवागांव में किराणा की दुकान है। रोज की तरह दुकान मंगल कर वे शुक्रवार शाम करीब छह बजे वे अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। छत्रसालपुर बावड़ी के पास पीछे से बाइक पर दो जने रुमाल से मुंह बांधे हुए आए और आवाज लगाई। इलाके के ही ग्राहक समझकर उन्होंने गाड़ी रोकी, तो बाइक सवार करीब आ गए। फिर उनमें से एक ने बाइक से उतरते ही उसने बाइक पर आगे पैरों में लटका बैग छीन लिया। अचानक हुए घटनाक्रम से वे हतप्रभ रह गए। करीब 80 हजार रुपए नकदी और 250-250 ग्राम चांदी की हांसली व पायजेब-तोड़े से भरा बैग छीनकर एक आरोपी खेतों में से होकर पैदल ही भाग गया, वहीं दूसरे बदमाश ने बाइक बांसवाड़ा की तरफ दौड़ा दी। बाद में उन्होंने अपने भांजे अनिल जैन को फोन किया, तो उसने खांदू कॉलोनी चौकी पर सूचना दी। इस पर चौकी प्रभारी देवीसिंह के नेतृत्व में पुलिस दल तलाश में जुटा। टीम मकोडिय़ा पुल पर आरोपियों के करीब पहुंच भी गई, लेकिन आरोपी बाइक घुमाकर चकमा देते हुए ठीकरिया से होते हुए लापता हो गए। बाद में घटनास्थल सदर क्षेत्र का होने पर इसकी रिपोर्ट सदर थाने में दी गई। इस पर केस दर्ज करने के बाद दूसरे दिन डीएसपी गजेंद्रसिंह राव, सीआई रतनसिंह व लीमथान चौकी प्रभारी रमेशचंद्र ने मौका मुआयना किया।
रैकी के बाद वारदात, पुलिस को छकाया
वारदात वक्त और हालात को देखते हुए जिस तरह हुई, उससे पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने व्यापारी की पहले दो-चार दिन तक टोह लेने के बाद की। नियमित आने-जाने के वक्त और व्यापारी के साथ ले जा रहे सामान को देखने के बाद शुक्रवार को आरोपियों ने उसे लक्ष्य बनाया। यही कारण रहा कि समय रहते इत्तला के बाद भी हाउसिंग बोर्ड चौकी प्रभारी देवीसिंह और पुलिस दल को आरोपी छकाने में कामयाब रहा। मकोडिय़ा पुल तक पीछे के बाद आरोपी मुडकऱ वापस ठीकरिया तक आया और अचानक छोटे रास्ते में घुसने के बाद विलुप्त हो गया।
source https://www.patrika.com/banswara-news/robbed-elderly-businessman-in-banswara-6704689/
Comments
Post a Comment