बांसवाड़ा : ग्रामीणों ने आर्थिक सहयोग से 700 मीटर मार्ग किया तैयार
बांसवाड़ा/ कुशलगढ़. जहां चाह, वहां राह। व्यक्ति यदि ठान ले तो कठिन लगने वाले कार्य भी सहजता से पूरे हो जाते हैं और लोग संगठित होकर प्रयास करें तो सफलता तय है। कुशलगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के बड़वास बड़ी पंचायत के लूनावाडा के ग्रामीणों ने ऐसा ही कुछ कर दिखाया है। संगठन और श्रमदान से सडक़ समस्या का समाधान कर ग्रामीणों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है। यहां के ग्रामीण वर्षों से संकरे व उबड़-खाबड़ मार्ग से आवागमन में परेशानी का सामना कर रहे थे। पर, जब जनप्रतिनिधियों ने नहीं सुनी तो उन्होंने अपने स्तर पर ही राशि एकत्र की। साथ ही ग्रामीया पुरुष, महिला एवं बच्चों ने श्रमदान कर करीब 700 मीटर लम्बा मार्ग समतलीकरण और भरावकर आवागमन के लिए तैयार कर लिया।
यों राह हुई आसान
लुणावाड़ा गांव के वार्ड 4 व 5 निवासियों ने आपसी सहयोग से 60 हजार से अधिक की राशि एकत्रित कर कच्चे रोड का निर्माण किया। ग्रामीणों ने बताया की ग्राम पंचायत को कई बार इस रोड के प्रस्ताव दिए। पर, लगातार 15 वर्षों से राजनीतिक भेदभाव से निर्माण नहीं करवाया। बरसात के दिनों में कीचड़ से बचने और आने-जाने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए स्थानीय वार्डवासियों ने राशि एकत्रित कर सोहन फु लजी के घर से रामा भाई कटारा के घर तक लगभग 700 मीटर आने-जाने का रास्ता बना दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व संसदीय सचिव भीमा भाई डामोर द्वारा उक्त सडक़ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव होने और चुनाव में उनकी हार होने के बाद वर्तमान विधायक द्वारा इस सडक़ निर्माण स्वीकृति को निरस्त करवा कर जहा आबादी शून्य है उस स्थान पर इसका निर्माण करवा दिया। सडक़ निर्माण में जोरहिंग कटारा, दीपक कटारा, रामा कटारा, ज्ञान प्रकाश कटारा, टिटा पटेल, वार्ड पंच रंगजी मेडा सहित वार्ड वासियों ने सहयोग दिया।
source https://www.patrika.com/banswara-news/villagers-prepared-700-meters-road-with-financial-support-in-banswara-6890875/
Comments
Post a Comment