नर्स के साथ ऑनलाइन धोखा, खाते से एक लाख से ज्यादा राशि गायब
बांसवाड़ा. खमेरा थाना क्षेत्र निवासी एक नर्स के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई, जब उसके खाते से एक लाख से ज्यादा राशि कट गई। इसकी जानकारी खाते में चेक जमा कराने के बाद बैलेंस से हुई तो उसने थाने में शिकायत की। ताज्जुब यह भी रहा कि खाते से ट्रांजेक्शन का उसके पास बैंक से न कोई संदेश आया, न ही फोन पर किसी ने इस बारे में कोई जानकारी ही दी।
प्रकरण को लेकर कुशलगढ़ सीएचसी में सेवारत खमेरा क्षेत्र के नरवाली चौकी अंतर्गत टामटिया गांव की नर्स अनिता वडेरी ने थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की खमेरा शाखा में खाता है, जिसमें करीब डेढ़ लाख रुपए जमा थे। पिछले दिनों महिलाओं के ऑपरेशन करवाने पर विभाग से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के तौर पर तीन-तीन सौ रुपए के चेक मिले, तो उन्हें बैंक में डाले। उनके क्लीयर होने पर मोबाइल पर मैसेज आया। इससे करीब 32 हजार रुपए बेलेंस का पता चला, तो वह सन्न रह गई। कारण कि उसके खाता में एक लाख से ज्यादा राशि जमा थी। फिर बैंक शाखा से पता किया तो मालूम हुआ कि उसके खाते से 31 जनवरी को एक लाख रुपए, इसके बाद दो-दो हजार और फिर एक हजार रुपए ट्रांसफर हुए। फिर 31 मार्च को भी 2 हजार रुपए निकाले गए। इसमें एक हजार रुपए का नगद भुगतान भी है। कुल मिलाकर खाते से एक लाख 11 हजार 501 रुपए निकाले गए, जबकि मोबाइल पर कोई एसएमएस नहीं आया। एकबारगी और नुकसान से बचने के लिए उसने खाते का भुगतान रुकवा दिया और थाने में रिपोर्ट दी। जांच एएसआई जगदीशप्रसाद मीना के जिम्मे की गई है।
source https://www.patrika.com/banswara-news/online-cheating-with-nurse-more-than-one-lakh-amount-missing-from-acc-7453898/
Comments
Post a Comment